सांसद-विधायकों को हाथ जोड़ अफसर देंगे सम्मान, शासनादेश जारी, शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
पानी पूछने के साथ फोन का जवाब भी देना जरूरी
लखनऊ। यूपी में अब प्रशासनिक अफसरों को सांसदों, विधायकों को पूरा सम्मान देना होगा। कार्यालय आने पर सीट से उठकर हाथ जोड़ते हुए अभिवादन करने के साथ पानी भी पूछना होगा।
इतना नहीं, फोन आने पर उसका जवाब देना होगा और बैठक आदि में व्यस्त होने की सूरत में पलटकर फोन करते हुए जवाब देना होगा। सम्मानजनक व्यवहार नहीं करने पर अफसर, कर्मचारियों के खिलाफ 'उप्र राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली' के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने इस संबंध में गुरुवार को शासनादेश जारी किया है। शासनादेश में है कि जनप्रतिनिधियों का फोन आने पर अफसर जवाब देंगे। उनसे प्राप्त प्रकरणों को यथासंभव गुणवत्तापूर्वक निस्तारण कर उन्हें सूचित करेंगे। बातचीत में उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनकर यथासंभव समाधान करना पड़ेगा। ऐसा न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।