जून में बिजली का बिल पोस्टपेड प्रणाली से आएगा, प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने का आदेश जारी
लखनऊ, । मुख्यमंत्री योगी के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश भर में लगे सभी स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड मोड में संचालित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि अब उपभोक्ताओं को बिजली इस्तेमाल करने के बाद बिल मिलेगा।
मई 2026 की खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के तहत जारी किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिल एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिये उपलब्ध कराया जाएगा। स्मार्ट पोस्टपेड बिल प्रत्येक माह की 10 तारीख तक जारी किए जाएंगे।
चेक मीटरों की मिलान रिपोर्ट सार्वजनिक करे विभागः भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पांच प्रतिशत चेक मीटरों की मिलान रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई। उपभोक्ता परिषद लगातार रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग कर रहा है।
प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने का आदेश जारी
लखनऊ। कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब नये कनेक्शन स्मार्ट मीटर के साथ पोस्टपेड मोड में ही दिए जाएंगे। गत वर्ष 10 सितंबर से उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से प्रीपेड मोड में ही नये कनेक्शन दिए जा रहे थे। इसे लेकर उपभोक्ताओं में खासा आक्रोश था। प्रदेश में बिना उपभोक्ताओं की सहमति के प्रीपेड किए गए मीटरों को तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


