बिना कागज NPS खाता तत्काल खुलेगा, ग्राहक के केवाईसी सत्यापित बैंक खाते का होगा इस्तेमाल
नई दिल्ली। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में खाता खोलना अब पहले के मुकाबले आसान हो गया है। 'एनपीएस तत्काल' के तहत केवाईसी सत्यापित बैंक खाते का उपयोग कर यूपीआई एप के माध्यम से एनपीएस खाता खोला जा सकता है और यूपीआई के जरिए अंशदान भी किया जा सकता है। गुरुवार से यह सुविधा शुरू कर दी गई है।
एनपीएस तत्काल में वही बैंक खाता इस्तेमाल किया जाएगा, जो केवाईसी से सत्यापित हो। इसलिए जिस बैंक खाते को ग्राहक भीम एप से जोड़ रहा है, उसका मोबाइल नंबर और बैंकिंग विवरण सही होना जरूरी है। भीम एप में बैंक खाता जोड़ने के लिए बैंक में पंजीकृत मोबाइल नंबर वाली सिम का इस्तेमाल करना होता है। एनपीसीआई के अनुसार, भीम एप में पहले बैंक खाता लिंक किया जाता है और उसके बाद यूपीआई लेनदेन की सुविधा मिलती है।
बैंक जाने की जरूरत नहींः 'एनपीएस तत्काल' में बड़ा बदलाव यह है कि नया खाता खोलने के लिए ग्राहक को पहले अलग से ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत कम होगी। पहले एनपीएस खाता खोलने के लिए पंजीकरण और केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या जारी होती थी। इसके लिए केवाईसी और पहचान से जुड़े दस्तावेज की जरूरत होती है।
250 रुपये से शुरू कर सकते हैं निवेशः एनपीएस खाता खोलने के लिए न्यूनतम शुरुआती योगदान ₹250 है। यानी ग्राहक छोटी रकम से भी अपने सेवानिवृत्ति खाते की शुरुआत कर सकता है। एनपीएस तत्काल में भी यह सुविधा लागू रहेगी।
कौन जुड़ सकता है एनपीएस के 'ऑल सिटिजन मॉडल'
में सभी को इससे जुड़ने की सुविधा है। हालांकि, 'एनपीएस तत्काल' के जरिये खाता खोलने के लिए फिलहाल वही ग्राहक पात्र होंगे, जिनके बैंक इस सुविधा से जुड़े हैं। एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक इस सुविधा से जुड़े हैं।
चार चरणों में खुलेगा खाता
BHIM एप डाउनलोड करें। फिर बैंक से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। वहां 'Tatkal NPS' चुनें।
जन्मतिथि दर्ज करें। इसके बाद अपना केवाईसी सत्यापित बैंक खाता चुनें।
फिर पहले अंशदान के तौर पर कम से कम ₹250 जमा करें।
केवाईसी पूरी होने स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या जारी की जाएगी।