5 खंड स्नातक और 6 शिक्षक एमएलसी चुनाव में 10 वैकल्पिक दस्तावेज से 23 अक्टूबर को कर सकेंगे मतदान
9 अक्टूबर 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 23 अक्तूबर को होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेम चंद्र मौर्य ने बताया कि फोटो पहचान पत्र न होने पर भी दस वैकल्पिक दस्तावेज से मतदान संभव होगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह व्यवस्था की गई है।
जिन मतदाताओं के पास आयोग का फोटो पहचान पत्र है, उन्हें वही प्रस्तुत करना होगा। पहचान पत्र उपलब्ध न होने पर मतदाता को अपनी पहचान के लिए एक वैकल्पिक दस्तावेज दिखाना होगा। इन दस्तावेज में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं।
राज्य एवं केंद्र सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, स्थानीय निकायों या निजी औद्योगिक घरानों के सेवा पहचान पत्र मान्य हैं। सांसदों, विधायकों, पार्षदों और शैक्षिक संस्थाओं के पहचान पत्र भी स्वीकार्य होंगे। विश्वविद्यालय डिग्री, डिप्लोमा, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) कार्ड विकल्प हैं।
23 सितंबर 2026
लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक के 5 एवं खंड शिक्षक के 6 सीटों पर चुने गए सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन सीटों पर 29 सितंबर को निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्तूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्तूबर निर्धारित की गई है। नवदीप रिणवा ने बताया कि 23 अक्तूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्तूबर को मतगणना की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को 31 अक्तूबर से पहले पूर्ण करा लिया जाएगा।
तीन जिलों को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू : मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में (कानपुर नगर, कानपुर देहात तथा उन्नाव को छोड़कर) आदर्श आचार संहिता के प्रावधान लागू कर दिए गए हैं। आदर्श आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग के 26 दिसंबर, 2016 को जारी प्रावधानों के अनुसार प्रभावी रहेगी।