प्रयागराज। श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी की नई दरें घोषित की गई हैं। यह दरें एक अक्तूबर से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी। इन दरों में परिवर्तनीय महंगाई भत्ते को संशोधित किया गया है। यह संशोधन अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर किया गया है।
उप श्रमायुक्त सुमित कुमार के अनुसार प्रयागराज में अकुशल श्रेणी के श्रमिकों को 948.68 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा और कुल मासिक मजदूरी बढ़कर 13189.68 रुपये हो जाएगी। अर्धकुशल श्रेणी के श्रमिकों को 1043.46 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा और मासिक मजदूरी 14507.46 रुपये हो जाएगी।
वहीं, कुशल श्रेणी के श्रमिकों को अब 16250.86 रुपये मासिक मजदूरी मिलेगी। इस श्रेणी के श्रमिकों को महंगाई भत्ता 1168.86 रुपये मिलेगा। कौशाम्बी, फतेहपुर व प्रतापगढ़ की दरें अलग होंगी।
अकुशल श्रेणी के श्रमिकों को 901.25, अर्धकुशल श्रेणी के श्रमिकों को 991.30 और कुशल श्रेणी के श्रमिकों को 1110.42 रुपये महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। इन श्रेणियों की मासिक मजदूरी बढ़कर क्रमशः 12530.25, 13782.30 व 15438.42 रुपये हो जाएगी।