अविवाहित बहन को पारिवारिक पेंशन से वंचित नहीं कर सकता शासनादेश - हाईकोर्ट
मृत सरकारी कर्मचारी की बहन को पेंशन देने से इन्कार करने का आदेश निरस्त
छह प्रतिशत ब्याज सहित बकाया भुगतान छह सप्ताह में करने का दिया निर्देश
लखनऊः इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने एक महत्वपूर्ण आदेश में स्पष्ट किया है कि शासनादेश के जरिये संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत बनाए गए वैधानिक सेवा नियमों को बदला या निष्प्रभावी नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर कोर्ट ने मृत सरकारी कर्मचारी की अविवाहित बहन को पारिवारिक पेंशन देने से इन्कार करने संबंधी आदेश को निरस्त कर दिया। साथ ही छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ पेंशन के बकाये का भुगतान करने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति मनीष कुमार की एकल पीठ ने यह आदेश शमीन खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। याची के अनुसार, उनके दिवंगत भाई ने सेवा पुस्तिका में उन्हें पारिवारिक पेंशन के लिए नामित किया था। इसके बावजूद पांच दिसंबर 2025 को उनका दावा खारिज कर दिया गया। विभाग ने इसके लिए 23 दिसंबर 2016 के शासनादेश का हवाला दिया था। इसमें अविवाहित बहन को मृत कर्मचारी के परिवार की परिभाषा में शामिल नहीं माना गया था।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सेवानिवृत्ति लाभनियमावली, 1961 के नियम 3(5) का उल्लेख किया। इसके तहत अविवाहित और विधवा बहनों को परिवार की परिभाषा में शामिल किया गया है। राज्य सरकार ने भी अपने जवाब में इस तथ्य से इन्कार नहीं किया कि याची मृत कर्मचारी की अविवाहित बहन हैं।
पीठ ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत बनाए गए वैधानिक सेवा नियमों में बदलाव के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है। कार्यपालिका केवल शासनादेश जारी करके इन नियमों को बदल नहीं सकती। कोर्ट ने पेंशन से इन्कार करने वाला आदेश निरस्त करते हुए प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिया कि मृत कर्मचारी की 15 मई 2024 को हुई मृत्यु की तिथि से वास्तविक भुगतान होने तक छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित बकाया पारिवारिक पेंशन दी जाए। आदेश की प्रमाणित प्रति प्रस्तुत किए जाने या प्राप्त होने के छह सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करना होगा।