अब UPI से तुरंत निकाल सकेंगे EPF की रकम, नया मोबाइल एप अप्रैल में होगा लांच
ईपीएफओ 3.0 के सुधारों के तहत अप्रैल में लांच होगा यूपीआइ मोबाइल ईपीएफ एप
नए एप में पासबुक, बैलेंस व्यू और सुरक्षित यूपीआइ पिन आधारित ट्रांजैक्शन की सुविधा
नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपनी आनलाइन सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। ईपीएफ खाताधारक कर्मचारियों को जल्द ही यूपीआइ पेमेंट गेटवे के माध्यम से अपने पीएफ खाते से तत्काल निकासी की सुविधा मिलेगी। श्रम मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार इसके लिए नया समर्पित मोबाइल एप अप्रैल में लांच किया जाएगा, जिसके जरिए सदस्य अपने बैंक खाते में सीधे यूपीआइ के माध्यम से राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। यह सुविधा ईपीएफओ 3.0 के तीसरे चरण के तहत शुरू की जा रही है।
मंत्रालय के उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि इस नई सेवा का ट्रायल शुरू हो चुका है और फिलहाल 100 से अधिक डमी खातों पर परीक्षण किया जा रहा है, ताकि तकनीकी खामियों को दूर किया जा सके। एप के जरिए सदस्य पासबुक बैलेंस देख सकेंगे, पात्र निकासी योग्य राशि की जानकारी पा सकेंगे और अपने लिंक्ड बैंक खाते में यूपीआइ पिन के माध्यम से सुरक्षित लेनदेन कर सकेंगे।
फ्रीज रहेगी 25 प्रतिशत रकम
नए नियमों के तहत पीएफ खाते की न्यूनतम 25 प्रतिशत रकम फ्रीज रहेगी जबकि शेष राशि में से खाताधारक तय सीमा के भीतर अपनी जरूरत के अनुसार निकासी कर सकेंगे। वर्तमान में सदस्य यूएएन पोर्टल या उमंग ऐप के जरिए सेवाएं लेते हैं, जो आगे भी उपलब्ध रहेंगे, लेकिन नया एप सेवाओं की पहुंच और गति को और बेहतर करेगा।
नया एप ऐसे काम करेगा
सब्सक्राइबर्स को नए मोबाइल एप पर लाग-इन करना होगा
वहां दिखेगा पीएफ खाते में कितना बैलेंस ट्रांसफर के लिए उपलब्ध है
ट्रांजैक्शन पूरा करने के लिए सदस्य को लिंक्ड 'यूपीआइ पिन' डालना होगा
इसके बाद पैसा सुरक्षित रूप से उनके बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा