नवदीप रिणवा ने अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक करके दिए जरूरी निर्देश
लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए हैं कि अगले 15 दिनों तक मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का नाम दर्ज कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। उन्होंने रविवार को सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इसमें विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला कल्याण, माध्यमिक व उच्च शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और नगर विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बड़ी संख्या में 18 से 20 वर्ष की आयु वर्ग के युवा मतदाता अभी भी सूची में शामिल नहीं है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा शैक्षणिक संस्थाओं में विशेष अभियान चलाकर पात्र छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन पोर्टल www.voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल एप या बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से ऑफलाइन घोषणा पत्र सहित फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में शामिल कराए जाने के निर्देश दिए। जिन छात्र-छात्राओं की आयु एक जनवरी को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाय। जिन छात्र-छात्राओं की आयु एक अक्तूबर को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो, उनका भी फार्म-6 एडवांस फार्म के रूप में भरवाया जा सकता है।
जिन नव विवाहित महिलाओं और किशोरियों के नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन सभी पात्र महिलाओं का नाम घोषणापत्र सहित फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में शामिल करने का प्रयास करें।