लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य से जुड़े बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुपरवाइजरों को एकमुश्त मानदेय/पारिश्रमिक दिए जाने के लिए बजट आवंटन की जानकारी दी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के 5 अगस्त 2026 के पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस मद में ₹10,51,85,000 (दस करोड़ इक्यावन लाख पचासी हजार रुपये) की धनराशि आवंटित की गई है। यह राशि बजट आवंटन सॉफ्टवेयर के माध्यम से संबंधित मद में उपलब्ध कराई गई है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आवंटित धनराशि का उपयोग निर्धारित शर्तों, प्रतिबंधों तथा बजट मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार ही किया जाएगा। व्यय को अनुदान संख्या-41 के अंतर्गत लेखाशीर्षक “2015-निर्वाचन-103-निर्वाचक नामावली तैयार करना और मुद्रण-03-विधानसभा एवं संसद-07-मानदेय” में दर्ज किया जाएगा।
कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को आवंटित बजट के अनुसार निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्य में लगे BLO सुपरवाइजरों को मानदेय भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार यह बजट आवंटन मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आवंटन रजिस्टर में भी अंकित किया गया है।