सीएम ने की घोषणा, अब 600 रुपये होगा ड्यूटी भत्ता,
पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का किया शुभारंभ शुभारंभ
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों को तोहफा देते हुए दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। सीएम ने कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करने के साथ लखनऊ के सरोजनीनगर में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का रिमोट से शिलान्यास भी किया।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में सीएम ने कहा कि 1948 में गठित पीआरडी के जवानों को 2019 तक 250 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था। 2019 में उन्होंने इसे बढ़ाकर 375 रुपये और 2022 में बढ़ाकर 395 रुपये किया था। 2025 में भत्ता वृद्धि फिर से की और बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, अब पीआरडी जवानों का भत्ता 500 से रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने जा रहे हैं।
31 हजार जवानों के परिजनों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग में पीआरडी के जवान अपनी भूमिका का समर्पण भाव से निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद 2017 के पहले तक उन्हें ड्यूटी नहीं मिलती थी। आज उनके महत्व को समझा गया तो ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि 31 हजार से अधिक पीआरडी जवानों को किसी भी सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ जवानों के करीब 1.50 लाख से अधिक परिजन को भी मिलेगा।