अब घर बैठे ही कर सकेंगे मोबाइल नंबर अपडेट, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने लांच किया है नया आधार एप
आधार की फिजिकल कापी के दुरुपयोग को रोकने के लिए यह कदम
नई दिल्लीः भारतीय विशिष्ट प्राधिकरण (यूआइडीएआइ) ने आधार के गलत इस्तेमाल को रोकने और आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को बिना किसी झंझट के उपलब्ध कराने के लिए नया आधार एप लांच किया है। इस नए आधार एप की मदद से मोबाइल फोन नंबर अपडेट कराने के लिए किसी सेंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। आधार एप के जरिये ही चेहरे के सत्यापन से मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा। एप के उपयोग से आप अपने आधार की सीमित जानकारी ही दूसरे को मुहैया करा सकेंगे।
अभी किसी होटल बुकिंग या इस प्रकार की अन्य सेवा लेने के दौरान आधार कार्ड का फिजिकल कापी मांगा जाता है। इसके माध्यम से आपका पता, आपके पिता के नाम जैसी जानकारी भी चली जाती है। अगर सेवा देने वालों को सिर्फअपना नाम और उम्र बताना है तो एप के जरिये उन्हें सिर्फ सीमित जानकारी दे सकेंगे। मुख्य रूप से आधार की फिजिकल कापी के दुरुपयोग को रोकने के लिए आधार एप लांच किया गया है।
एयरपोर्ट पर भी फिजिकल आधार कार्ड की जगह आधार एप से अपनी पहचान करा सकेंगे। इस एप के जरिये आफलाइन तरीके से भी आधार का वेरिफिकेशन हो सकेगा। यहां तक कि इस एप से जुड़ने के बाद आप बिना कोई पहचान दिखाए या जन्मतिथि बताए बगैर अपनी उम्र का सत्यापन करा सकेंगे। आधार एप को यही तक सीमित नहीं रखा गया है।
यूआइडीएआइ की तरफ से इस एप को औपचारिक रूप से बुधवार को लांच किया गया, परंतु अब तक एक करोड़ लोग इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं। एप से विभिन्न प्रकार की सेवा मुहैया कराने वाली कंपनियां जुड़ रही हैं ताकि सेवा प्रदान करने के दौरान आधार एप के जरिये ही ग्राहक की पहचान हो जाए। कई एजेंसियां व कंपनियां आधार एप से जुड़ गई हैं।
डिजिटल प्राइवेसी का भी पूरा ध्यानः आधार एप में डिजिटल प्राइवेसी का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इस साल डिजिटल पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन (डीपीडीपी) एक्ट लागू हो जाएगा। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के डिजिटल डाटा को उसकी सहमति के बगैर शेयर नहीं किया जा सकेगा। आधार एप पर यह विकल्प भी दिया गया है कि कोई यूजर किस सीमा तक अपना डिजिटल डाटा शेयर करना चाहता है या फिर नहीं करना चाहता है।
नए एप की खूबियां
आधार एप से ही चेहरे के सत्यापन से मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा।
एयरपोर्ट पर भी इस एप के माध्यम से करा सकेंगे अपनी पहचान।
बिना किसी झंझट के होटल व रेस्तरां बुकिंग कराने में होगी आसानी।
एप से बैंकों के जुड़ने से यूजर आनलाइन अपना खाता भी खोल सकेंगे।
आज लॉन्च होगा नए आधार एप का फुल वर्जन, जानिए कौन-कौन से काम हो जाएंगे घर बैठे
कब आएगा एप का फुल वर्जन?
आधार के नए एप का फुल वर्जन आज यानी 28 जनवरी 2026 को लॉन्च होगा
फुल वर्जन के आने के बाद आपको एप में कई नई और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी
नए एप के आने से फिजिकल आधार कार्ड की जरूरत कम हो जाएगी
28 जनवरी 2026
आधार का नया एप आ चुका है, लेकिन इसका फुल वर्जन आज यानी 28 जनवरी 2026 को आ जाएगा जिसके बाद आपके कई काम घर बैठे हो जाएंगे।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआईडीएआई द्वारा भारत के नागरिकों के आधार कार्ड बनाए जाते हैं। आधार कार्ड की जरूरत कई कामों में पड़ती है। जैसे, सिम कार्ड लेना हो, स्कूल/कॉलेज में दाखिला लेना हो, किसी सरकारी योजना का लाभ लेना हो, बैंक खाता खुलवाते समय आदि।
ऐसे में समझा जा सकता है कि आधार कार्ड आज की जरूरत है। वहीं, अब आधार कार्ड को लेकर यूआईडीएआई की तरफ से एक बड़ा डिजिटली अपडेट दिया गया। इसके तहत आधार कार्ड की नई एप का फुल वर्जन तैयार है जो अब लोगों को मिलने जा रहा है। इससे आधार कार्डधारकों के कई काम आसान हो जाएंगे और कई कामों के लिए तो अब आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत भी नहीं रहेगा। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।
क्या-क्या चीजें हो जाएंगी घर बैठे अपडेट?
आप अपने आधार से लिंक मोबाइल घर बैठे बदल सकेंगे
आधार में नया पता भी घर बैठे अपडेट कर सकेंगे
नाम और ई-मेल आईडी भी अपडेट करने की सुविधा मिल सकती है
क्या खत्म हो जाएगी फिजिकल आधार कार्ड की जरूरत?
नए एप के जरिए आपका मोबाइल फोन ही आपकी पहचान बन सकेगा
आपको अब गेस्ट हाउस, होटल या अन्य जगहों पर फिजिकल आधार कार्ड दिखाने या उसकी फोटो कॉपी देने की जरूरत नहीं होगी
आपको क्यूआर कोड आधारित पहचान सत्यापन की सुविधा दी जाएगी
क्या आधार का गलत इस्तेमाल रुकेगा?
माना जा रहा है ये नया बदलाव डाटा सुरक्षा को मजबूती देगा और आधार का गलत इस्तेमाल भी रोका जा सकेगा
फोटोकॉपी देने से आधार का गलत इस्तेमाल करने की संभावना बड़ जाती थी, लेकिन अब ये डिजिटली होने से आधार के गलत इस्तेमाल होने की संभावना काफी कम हो सकती है
एप को कैसे मोबाइल में करें इंस्टॉल?
सबसे पहले एप को प्ले स्टोर से इंस्टॉल करें
फिर आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन कर लें
फिर बाकी मांगी गई जानकारियां यहां पर भरें
इसके बाद आपको यहां पर ऑप्शन दिखने लगेंगे
आधार सेवाएं होंगी पूरी तरह डिजिटल, अपना पता, ई-मेल जोड़ सकेंगे, नया आधार मोबाइल एप 27 से 30 जनवरी के बीच आधिकारिक रूप से लॉन्च किए जाने की तैयारी
05 जनवरी 2026
नई दिल्ली। आधार से जुड़ी सेवाओं को सरल, सुरक्षित और पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा तैयार एप जल्द ही लांच होने जा रहा है। आधारधारकों को अब नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसे जरूरी अपडेट के लिए आधार सेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नया आधार मोबाइल एप 27 से 30 जनवरी के बीच आधिकारिक रूप से लॉन्च किए जाने की तैयारी है।
एप का ट्रायल फेज लगभग पूरा हो चुका है और शुरुआती प्रतिक्रिया काफी सकारात्मक रही है। ट्रायल के दौरान ही एंड्रॉयड फोन पर एप को 50 लाख से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं। एप को आईओए पर भी बड़ी संख्या में डाउनलोड किया जा रहा है। देश में आधार आज बैंकिंग, मोबाइल कनेक्शन, सरकारी योजनाओं, पेंशन, सब्सिडी और कई अन्य सेवाओं की पहचान का अहम माध्यम बन चुका है, लेकिन समय के साथ लोगों का मोबाइल नंबर बदलना, पता बदलना या नाम में सुधार जैसी जरूरतें सामने आती हैं। 12 भाषाओं में उपलब्ध आधार में बदलाव की सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान करेगा। अभी तक मोबाइल नंबर और पता बदलने की सेवा शुरू की गई है। जल्द ही एप के जरिए नाम और मेल आईडी बदलने की भी सुविधा दी जाएगी, जिसका ट्रायल हो चुका है। अब एप आधिकारिक तौर पर लांच होने को तैयार है। जल्द ही तिथि निर्धारित होनी है। उसके बाद एप के जरिए सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध होगी।
फोन नंबर में बदलाव नए आधार एप की बड़ी सुविधा
इस माह के अंत में जारी होने वाले नए आधार एप की सबसे अहम सुविधा मोबाइल नंबर बदलने की प्रक्रिया है। अब आधारधारक फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए सीधे अपने मोबाइल से नंबर अपडेट कर सकेंगे। इसके लिए 75 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा, जो मोबाइल से ही यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकता है। यूआईडीएआई से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि अब फेस ऑथेंटिकेशन की उन्नत तकनीकी आ गई है, जिसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है क्योंकि मोबाइल नंबर बेहद संवेदनशील मामला है। आधार में दर्ज मोबाइल नंबर से ही सारी सेवाएं जुड़ी हैं।
क्यों जरूरी था नया आधार एप जारी करना
अभी तक इन बदलावों के लिए आधार सेवा केंद्र जाना अनिवार्य था, जिससे लोगों को लंबी कतारों और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ता था। सबसे अधिक दिक्कत मोबाइल नंबर बदलने में थी, जिसके लिए आधार सेवा केंद्र जाना जरूरी था। यूआईडीएआई ने पाया कि सेवा केंद्र आने वाले काफी लोगों अपना मोबाइल नंबर बदलवाना चाहते हैं। उन्होंने आधार बनवाते समय परिवार के किसी अन्य सदस्य का मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया था ऐसे में मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण ओटीपी आधारित सेवाओं में दिक्कत आती थी। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यूआईडीएआई ने मोबाइल-फर्स्ट अप्रोच की नीति को अपनाते हुए यह नया आधार एप विकसित किया है।
अन्य सेवाएं भी मिलेंगी एप के जरिए
एप से पता, नाम और ई-मेल अपडेट करना भी आसान।
वर्तमान में आधार में दर्ज मोबाइल नंबर व पता बदलने की सुविधा भी एप के जरिए उपलब्ध है।
नाम सुधार, ई-मेल आईडी अपडेट जैसी सेवाएं भी एप के माध्यम से जल्द उपलब्ध होंगी।
नए आधार एप में कॉन्टैक्ट कार्ड जनरेट करने की सुविधा भी दी गई है।
क्यूआर कोड शेयर करने या स्कैन कराने पर नाम और मोबाइल नंबर की जानकारी साझा कर सकेंगे।
आधार का नया एप इसी माह होगा लॉन्च, ऑनलाइन अपडेट हो सकेंगे मोबाइल नंबर
अब तक 18 लाख से ज्यादा लोग इस नए एप को कर चुके हैं डाउनलोड
01 दिसम्बर 2025
नई दिल्ली। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) अपना नया आधार एप इसी महीने लॉन्च कर देगा। इस नए एप के जरिए परिवार के अधिकतम पांच सदस्यों का आधार विवरण शामिल करने की सुविधा होगी। एप के इस्तेमाल से कोई नागरिक अपने आधार की पूरी या कुछ जानकारी देने के लिए स्वतंत्र होगा। इसके अलावा बायोमेट्रिक लॉक व अनलॉक व ऑनलाइन ही मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा मिलेगी। खास बात यह कि एप के जरिए इसमें ऑफलाइन वेरिफिकेशन की सुविधा भी होगी।
यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार के मुताबिक नए आधार एप की अभी इसकी टेस्टिंग चल रही है। अब तक 18 लाख से ज्यादा लोग इस नए एप को डाउनलोड कर चुके हैं। इससे जुड़े अनुभवों, सुझावों प्राधिकरण को भेज रहे हैं। इस फीडबैक से एप को उन्नत व और बेहतर करने में मदद मिल रही है। यूआईडीएआई आधार की फोटोकापी लगाने या मोबाइल के जरिए भेजने की जरूरत खत्म करने की योजना पर भी काम कर रहा है। ऑफलाइन वेरिफिकेशन के लिए संबंधित नियमावली में बदलाव होगा इसमें नए प्रस्ताव जोड़े जाएंगे। सोमवार को हुई यूआईडीएआई बोर्ड की बैठक में इन पर चर्चा हुई। जल्द इस संबंध में तैयार मसौदे को उच्च स्तर पर सहमति दिलाई जाएगी।
अब घर बैठे आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर कर सकेंगे अपडेट, केवल बायोमीट्रिक बदलाव के लिए ही केंद्र जाना होगा, अगले वर्ष 14 जून तक शुल्क नहीं
02 नवंबर 2025
नई दिल्लीः आधार कार्डधारकों के लिए अपना आधार अपडेट करना बेहद आसान बना दिया गया है। इसके इसके लिए आपको किसी आधार सेवा केंद्र पर लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। आप अपने नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी घर बैठे आनलाइन बदल सकेंगे। हालांकि, ध्यान रखनेवाली बात ये है कि बायोमीट्रिक बदलाव जैसे फिंगरप्रिंट, आइरिस या फोटो अपडेट के लिए कार्डधारकों को अब भी आधार सेवा केंद्र जाना पड़ेगा।
खास बात ये है कि यूआइडीएआइ ने घोषणा की है कि 14 जून 2026 तक आनलाइन आधार अपडेट पूरी तरह मुफ्त रहेगा। इससे लोगों को बिना शुल्क दिए अपनी आधार डिटेल में सुधार करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
ये नए नियम आधार सेवाओं को तेज, सरल और सुरक्षित बनाने के लिए लागू कर दिए गए हैं। कार्डधारकों द्वारा दी गई जानकारी (जैसे नाम या पता) का सत्यापन अब सरकारी दस्तावेजों जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड से अपने आप हो जाएगा। वहीं, केंद्र सरकार ने आधार की तकनीक में सुधार के लिए विशेषज्ञों की एक समिति भी बनाने का फैसला पिछले दिनों किया था।
नई दिल्ली । आधार कार्ड में जरूरी बदलाव के लिए अब दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए नए नियम एक नवंबर से लागू होने जा रहे हैं। अब सिर्फ बड़े संशोधन के लिए ही आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत पड़ेगी।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के अनुसार, एक नवंबर से आधार कार्ड धारक अपना नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर पूरी तरह ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे। इसके लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी।
नया सिस्टम सरकारी डेटाबेस और डिजिटल सत्यापन तकनीक से आधार धारक की पहचान स्वतः सत्यापित करेगा।