लखनऊ। अब यूपी-112 पर कॉल करने वाले की एकदम सटीक लोकेशन मिलेगी। जिससे पुलिस टीम और भी कम समय में सहायता के लिए पहुंचेगी। इसके लिए यूपी पुलिस ने गूगल के जरिये एंड्रायड इमरजेंसी लोकेशन सर्विस (ईएलएस) शुरू की है। यूपी पुलिस देश की पहली फोर्स बन गई है जिसने ये सुविधा शुरू की है।
यूपी-112 की डीजी नीरा रावत ने बताया कि करीब एक साल से इस व्यवस्था को शुरू करने की जद्दोजहद चल रही थी। लंबे समय तक ट्रॉयल किया गया। अब मंगलवार से इसे शुरू कर दिया गया है।
पहले कॉलर की लोकेशन उसके आसपास के एक से डेढ़ किमी दायरे की मिलती थी। जिससे पीआरवी के पुलिसकर्मियों को उस पहुंचने में समय लगता था। ईएलएस सिस्टम से लैस होने से कॉलर की लोकेशन उसके आसपास दस से बीस मीटर के दायरे की मिलेगी। मतलब पीआरवी उस तक आसानी से पहुंचेगी। पीआरवी का रेस्पांस टाइम घटेगा और पीड़ित को मदद भी कम समय में मिल जाएगी।