तमिलनाडु में नवजात शिशु की देखभाल के लिए पुरुष सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा 15 दिन का पितृत्व अवकाश
26 November, 2026
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 दिन के पितृत्व अवकाश की घोषणा की। राज्य में पहली बार पुरुषों को बेहतर ढंग से अभिभावकीय जिम्मेदारियां निभाने के लिए इस तरह का अधिकार दिया गया है।
सरकार ने कहा कि बच्चों की देखभाल करना पुरुषों के लिए भी आवश्यक है और इसी के मद्देनजर विवाहित पुरुष कर्मचारी 15 दिन के पितृत्व अवकाश का लाभ उठा सकते हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने पुरुष कर्मचारियों के लिए अवकाश की इस नई सुविधा को लागू करने का आदेश दिया है। कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या उसके जन्म के छह महीने के भीतर इस अवकाश का लाभ उठा सकते हैं।
सरकार ने कहा कि कर्मचारियों ने पुरुषों के लिए पितृत्व अवकाश की मांग करते हुए कई अभ्यावेदन दिए थे, जिन पर सकारात्मक रूप से विचार करने के बाद यह फैसला लिया गया। महिला सरकारी कर्मचारियों को 365 दिन का मातृत्व अवकाश दिया जाता है।