फाइनल मतदाता सूची में फर्जी वोटर मिले तो नपेंगे अधिकारी, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम, जिम्मेदार अफसरों से वसूली जाएगी यह रकम
4 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, सीईओ ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को चेताया
लखनऊ। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सख्त रुख अपनाया है। अगर 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद किसी भी क्षेत्र में फर्जी मतदाता पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
फर्जी मतदाताओं की सूचना देने वालों को जहां इनाम मिलेगा, वहीं इनाम की राशि दोषी अधिकारियों से वसूली जाएगी। इस बारे में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देशित कर दिया है।
प्रदेश में इस समय मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर)-2027 चल रहा है। इसके तहत 17 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा।
इसके बाद आम नागरिकों को अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, लिंग व फोटो आदि विवरणों की जांच करने का पूरा अवसर मिलेगा। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी।
इस अवधि में पात्र नागरिक मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। वहीं, सूची में किसी अपात्र या फर्जी व्यक्ति का नाम दर्ज होने पर आपत्ति जताने या नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन, निवास परिवर्तन, नया वोटर आईडी कार्ड (ईपीआईसी) प्राप्त करने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकेगा।
पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए 21 व 22 नवंबर और 28 व 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन चारों तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर नागरिकों से सीधे दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक कर लिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी, 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
ज्यादा खामियां मिलने पर डीएम भी होंगे जिम्मेदार
सूत्रों के मुताबिक, अंतिम मतदाता सूची में फर्जी या डुप्लीकेट वोटर मिलने पर बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एईआरओ और ईआरओ जिम्मेदार ठहराए जाएंगे। अगर ये खामियां अधिक मात्रा में मिलीं तो जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) की जिम्मेदारी भी तय होगी। अब आयोग लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने के मूड में है।
इस तरह से ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सूची में नए नाम जोड़ने और पुरानी खामियों को दूर करने के लिए अधिकारियों के पास करीब 41 दिन का समय रहेगा। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित एजेंसी को चेता दिया है कि फाइनल मतदाता सूची आने के बाद आयोग आम लोगों और राजनीतिक दलों से फर्जी मतदाताओं के साथ ही डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम बताने को कहेगा। दोनों प्रकार की सूचना देने वालों के लिए इनाम की राशि भी घोषित की जाएगी। यह राशि कितनी होगी, फिलहाल आयोग ने इसे सार्वजनिक नहीं किया है।
एसएसआर 17 नवंबर को ड्राफ्ट, 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची
लखनऊ। प्रदेश में इस समय मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर) 2027 चल रहा है। इसके तहत 17 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद आम नागरिकों को अपने और अपने परिवार के सदस्यों के विवरणों की जांच का अवसर मिलेगा।
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। वहीं, सूची में किसी अपात्र या फर्जी व्यक्ति का नाम दर्ज होने पर आपत्ति जताने या नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 भरा जाएगा।
इसके अतिरिक्त नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन, निवास परिवर्तन, नया वोटर आईडी कार्ड (ईपीआईसी) प्राप्त करने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकेगा। पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए 21 व 22 नवंबर और 28 व 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन चारों तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर नागरिकों से सीधे दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक कर लिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी, 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।