जनगणना में शिक्षकों के साथ निजी संस्थानों के कर्मचारी बनेंगे प्रगणक, उत्तर प्रदेश शासन ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को जारी किए निर्देश
6 नवंबर 2026
लखनऊः जनगणना के लिए प्रगणकों की तैनाती का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों के साथ ही केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों और निजी प्रतिष्ठानों के लिपिकों व अधिकारियों को भी प्रगणक बनाया जा सकेगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए जनगणना नियम में संशोधन कर प्रगणकों की नियुक्ति के लिए पात्र व्यक्तियों की सूची का विस्तार किया है। उत्तर प्रदेश शासन ने पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन एसवीएस रंगा राव ने इस संबंध में सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि संशोधित नियमों के तहत अब सरकारी, स्थानीय निकायों, सहायताप्राप्त और गैर सहायताप्राप्त निजी संस्थानों, सोसायटियों तथा न्यासों के शिक्षकों को प्रगणक बनाया जा सकेगा। इसके अलावा केंद्र व राज्य सरकार, स्थानीय प्राधिकरण और विभिन्न प्रतिष्ठानों के लिपिकों व अधिकारियों को भी इस कार्य में लगाया जा सकेगा। प्रतिष्ठानों की श्रेणी में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, वैधानिक निकाय, बैंक, कंपनियां, संस्थाएं, सोसायटियां और न्यास शामिल हैं।
राज्य सरकार या केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन किसी अन्य ऐसे व्यक्ति को भी प्रगणक के रूप में नियुक्त कर सकेगा, जिसे इस कार्य के लिए उपयुक्त समझा जाए। इस बदलाव से जनगणना कार्य के लिए उपलब्ध मानव संसाधन का दायरा बढ़ेगा और जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों से कर्मचारियों की तैनाती का विकल्प मिलेगा। शासन ने अधिकारियों को संशोधित नियमों के अनुरूप कार्रवाई कर पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अब निजी शिक्षक भी करेंगे जनगणना ड्यूटी, अभियान में तेजी लाने के लिए निर्णय
03 नवंबर 2026
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने जनगणना अधिनियम में बदलाव करते हुए निजी संस्थाओं के शिक्षकों को भी जनगणना कर्मी के रूप में शामिल करने का निर्णय किया है। इसके अनुसार स्थानीय प्राधिकरण, सहायता प्राप्त या असहायता प्राप्त निजी निकायों, सोसायटियों या न्यासों की किसी शैक्षणिक संस्था के शिक्षक को जनगणना में सरकार लगा सकेगी।
महारजिस्ट्रार कार्यालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। संशोधित नियमों के अनुसार, राज्यों को कानूनी शक्ति दे दी गई है कि वे जिसे उपयुक्त समझें उसे जनगणना के काम में लगाएं। अभी तक 34 लाख लोग इस कार्य में लगे हैं। अभियान में तेजी लाने के लिए और कर्मियों की जरूरत पड़ रही है।