बैंक हड़ताल से पहले 25 सितंबर को ही मिलेगा केंद्रीय कर्मियों को सितंबर का वेतन और पेंशन, हड़ताल को देखते हुए रविवार को भी सभी सार्वजनिक और क्षेत्रीय एवं ग्रामीण बैंक खुलेंगे
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर केंद्र सरकार ने अग्रिम भुगतान के दिए निर्देश
नईदिल्ली । बैंकों की तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सितंबर का वेतन और पेंशन समय से पहले देने का फैसला किया है।
वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 25 सितंबर को ही वेतन और पेंशन का भुगतान किया जाएगा। 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है।
हड़ताल के कारण महीने के अंतिम दिनों में बैंकिंग सेवाएं और लेन-देन प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए सरकार ने सितंबर का भुगतान पहले करने का फैसला किया है। यह आदेश सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों पर लागू होगा। रक्षा, डाक और दूरसंचार विभाग के कर्मचारियों के साथ औद्योगिक कर्मचारियों को भी 25 सितंबर को वेतन मिलेगा।
ग्राहकों के लिए बैंक रविवार को खुलेंगे
बैंक यूनियनों की हड़ताल को देखते हुए रविवार को भी सभी सार्वजनिक और क्षेत्रीय एवं ग्रामीण बैंक खुलेंगे। लोगों की बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने रविवार 27 सितंबर को बैंकों की शाखाओं और करेंसी चेस्ट को खोलने की मंजूरी दी है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के अनुरोध पर आरबीआई ने मंजूरी दी है। आरबीआई ने कहा कि जनता की वास्तविक बैंकिंग जरूरतों को लंबे समय तक प्रभावित होने से बचाने के लिए बैंकों की शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को पूरी तरह चालू रखा जाए। केंद्रीय बैंक ने बैंकों को इस संबंध में सभी जरूरी कानूनी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी है।