SiR में लगे बीएलओ और सुपरवाइजरों को मिलेगा छह हजार रुपये मानदेय
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजरों को एकमुश्त छह हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इस संदर्भ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य में एसआइआर के कार्य में 1,77,516 बूथ लेवल अधिकारी और 18,026 बीएलओ सुपरवाइजर तैनात किए गए थे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने जारी शासनादेश में स्पष्ट किया है कि यह निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के तीन जून के निर्देशों तथा उत्तर प्रदेश शासन के नौ जुलाई के शासनादेश के अनुपालन में लिया गया है। पत्र के अनुसार, निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्य से जुड़े प्रत्येक बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को एकमुश्त छह हजार रुपये का मानदेय प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा है कि वे संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को इस आदेश से अवगत कराएं।
